बसना-महासमुंद। जिला युवा कांग्रेस महासमुंद द्वारा बसना विधानसभा अंतर्गत विभिन्न ब्लॉकों में युवा कांग्रेस के नव पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा के बाद कांग्रेस संगठन में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। इन नव नियुक्तियों पर जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मोक्ष कुमार प्रधान ने अपने संदेश में कहा कि युवा कांग्रेस सदैव लोकतंत्र, संविधान और जनहित की लड़ाई में अग्रिम पंक्ति में रही है। उन्होंने कहा कि नव नियुक्त युवा साथियों के कंधों पर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्हें पूरा विश्वास है कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि संगठन में युवाओं की सक्रिय भागीदारी से कांग्रेस को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी। आने वाले समय में युवा कांग्रेस आम जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाएगी और जनसंघर्ष में अपनी प्रभावी भूमिका निभाएगी।
मोक्ष कुमार प्रधान ने इस अवसर पर जिला युवा कांग्रेस महासमुंद के जिलाध्यक्ष एवं समस्त नेतृत्व को भी सफल संगठनात्मक नियुक्तियों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की नियुक्तियां संगठन को और अधिक संगठित एवं मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होंगी।
नव नियुक्तियों की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।