जिला पंचायत सदस्य ने यूट्यूबर को धमकाने के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की

SARJU PRASAD SAHU

January 24, 2026

सरगुजा/जशपुर। भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक आवाज़ों को दबाने का आरोप लगाते हुए जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि प्रदेश में सत्ता के बल पर जनता को डराने और आलोचना करने वालों को निशाना बनाने की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है। उन्होंने हाल ही में सरगुजा एवं जशपुर जिले में जनता के मुद्दों को उठाने वाली एक महिला यूट्यूबर को डराने-धमकाने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की।

मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि बिना किसी निष्पक्ष जांच के मंत्री और विधायक द्वारा कानून का दुरुपयोग कर दबाव बनाया जाना अत्यंत निंदनीय है। किसी भी वीडियो या आरोप की सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच आवश्यक होती है, न कि पहले ही सजा देने की मानसिकता अपनाना। यह घटना स्पष्ट करती है कि भाजपा सरकार आलोचना से डरती है और सच बोलने वालों को चुप कराने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रही है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दे जनता के सामने हैं, जिनका समाधान सरकार को करना चाहिए। लेकिन इन समस्याओं से ध्यान हटाकर भाजपा सरकार डर और दमन की राजनीति में लगी हुई है।

मोक्ष कुमार प्रधान ने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी और सभी जनप्रतिनिधि लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि भाजपा सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि डराने से सच की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment