बलौदाबाजार, 16 जनवरी 2026।
कलेक्टर दीपक सोनी के दिशा-निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी के दौरान बिचौलियों एवं अवैध व्यापारियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन द्वारा सघन जांच अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में विभिन्न तहसीलों में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध धान जब्त किया गया है।
तहसील भाटापारा के ग्राम धुर्राबांधा में कार्रवाई करते हुए पुनीत पाल के घर से 452 कट्टा (लगभग 180 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया गया।
वहीं तहसील कसडोल के ग्राम कोमसरा में बिचौलिया व्यापारी मुरीतराम के पास से 22.40 क्विंटल तथा ग्राम खर्वे में व्यापारी जगदीश के पास से 41 क्विंटल अवैध रूप से भंडारित धान पाया गया, जिसे जब्त कर संबंधित ग्राम कोटवार के सुपुर्द किया गया। इसके अतिरिक्त कसडोल क्षेत्र के दो अन्य बिचौलियों के यहां दबिश देकर 85 कट्टा धान जब्त करते हुए उनकी दुकानों को सील किया गया।
तहसील पलारी में भी प्रशासन की कार्रवाई जारी रही। यहां ग्राम अमेरा में फुटकर व्यापारी विश्वनाथ पटेल से 12 क्विंटल, दर्शन पटेल से 11.2 क्विंटल तथा ग्राम पाहंदा में व्यापारी गजेन्द्र घृतलहरे से 12 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया।
इसी तरह तहसील लवन में ग्राम लवन के फुटकर व्यापारी जगमोहन साहू के प्रतिष्ठान से 46 बोरी (18.40 क्विंटल) और रामखिलावन साहू के प्रतिष्ठान से 96 बोरी (38.40 क्विंटल) सहित कुल 56.8 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया। वहीं ग्राम नरधा में बिचौलिया घनश्याम कोलता (पिता भगतराम) के पास से 36 क्विंटल अवैध धान की जब्ती की गई।
धान के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए जमीनी स्तर पर निगरानी और सख्त की गई है। इसी क्रम में एसडीएम भाटापारा द्वारा सेमरिया घाट चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चेकपोस्ट रजिस्टर की प्रविष्टियों का मंडी जाने वाले वाहनों के रिकॉर्ड से बारीकी से मिलान किया गया तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी गई कि धान के अवैध परिवहन को किसी भी स्थिति में रोका जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा और शासन की धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।