बलौदाबाजार-भाटापारा | 16 जनवरी 2026।
थाना पलारी क्षेत्र के ग्राम गितकेरा में लोहे के धारदार फरसा से की गई हत्या की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को घटना के 03 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की यह वारदात पुरानी आपसी रंजिश एवं जमीन विवाद के चलते अंजाम दी गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सोनसाय यादव ने थाना पलारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता जथाराम यादव एवं चचेरे भाई साधु राम यादव के बीच वर्षों से भूमि विवाद चल रहा था, जिसके कारण दोनों परिवारों के बीच लगभग 15–20 वर्षों से आपसी बातचीत बंद थी। इसी रंजिश के चलते यह गंभीर घटना हुई।
दिनांक 14 जनवरी 2026 की रात्रि लगभग 7:30 बजे, मृतक नारायण यादव गौठान चौक के पास खड़ा था, तभी आरोपी ने लोहे के धारदार फरसा से उसके गले, सिर एवं चेहरे पर प्राणघातक वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल नारायण यादव को उपचार हेतु जिला अस्पताल बलौदाबाजार ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर थाना पलारी में अपराध क्रमांक 24/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में थाना पलारी पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना स्थल पहुंचकर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए तथा आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान परिस्थितिजन्य साक्ष्य एवं गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी यशवंत यादव को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मृतक के परिवार से उसकी पुरानी रंजिश थी और उसी आवेश में आकर उसने फरसा से हमला किया, जिससे नारायण यादव की मृत्यु हो गई।
पुलिस ने आरोपी को दिनांक 15.01.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
-
नाम: यशवंत यादव
-
उम्र: 38 वर्ष
-
निवासी: ग्राम गितकेरा
-
थाना: पलारी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगी।