बिलासपुर, 12 जनवरी 2026।
राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा बिलासपुर स्थित केन्द्रीय जेल में कैदियों के लिए सघन स्वास्थ्य परीक्षण एवं हेपेटाइटिस जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. शुभा गरेवाल के निर्देशन में किया गया, जिसमें कुल 200 कैदियों की हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी की जांच की गई।
शिविर के सुचारु संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 02 लैब टेक्नीशियन एवं 02 डाटा एंट्री ऑपरेटर/जे.एस.ए. की ड्यूटी लगाई गई थी, जिन्होंने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार जांच प्रक्रिया पूरी कराई। पूरे कार्यक्रम का संचालन जिला नोडल अधिकारी हेपेटाइटिस/आई.डी.एस.पी./आर.सी.एच. डॉ. रक्षित जोगी के पर्यवेक्षण एवं मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट एपिडेमियोलॉजिस्ट श्री पंकज सिंह, डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (आई.डी.एस.पी.) इंजीनियर श्याम मोहन दुबे सहित एम.एल.टी. एवं जे.एस.ए. स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही।
जांच के साथ-साथ कैदियों को हेपेटाइटिस से संबंधित महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जानकारियां भी दी गईं। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने हेपेटाइटिस के लक्षण, संक्रमण के कारण, समय पर जांच एवं उपचार का महत्व, बचाव के उपाय तथा रोकथाम की विधियों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही स्वच्छता, सुरक्षित इंजेक्शन, रक्तजनित संक्रमण से बचाव एवं समय पर इलाज के प्रति कैदियों को जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का मुख्य उद्देश्य जोखिम समूहों में समय रहते बीमारी की पहचान कर उपचार सुनिश्चित करना तथा हेपेटाइटिस के प्रसार को प्रभावी रूप से नियंत्रित करना है।