यातायात नियमों के उल्लंघन पर होगी ‘त्रिनयन’ की कड़ी नजर आम नागरिक अब फोटो–वीडियो के साथ कर सकेंगे शिकायत, जिला पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

TEJASWI NATH SONI

January 7, 2026

जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब ‘त्रिनयन’ के माध्यम से सख्त निगरानी रखी जाएगी। 36वें सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पुलिस द्वारा त्रिनयन हेल्पलाइन नंबर 9479226641 जारी किया गया, जिसके माध्यम से आम नागरिक भी यातायात व्यवस्था सुधारने में सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगे।

इस हेल्पलाइन नंबर पर नागरिक व्हाट्सऐप के माध्यम से फोटो और वीडियो भेजकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसमें शराब पीकर वाहन चलाना, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, हेलमेट न पहनना, ओवरस्पीडिंग सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की जानकारी साझा की जा सकेगी। जिला पुलिस द्वारा जारी क्यूआर कोड को स्कैन कर नागरिक सीधे त्रिनयन के व्हाट्सऐप प्लेटफॉर्म से जुड़ सकते हैं।

सड़क सुरक्षा माह कार्यक्रम का शुभारंभ

मंगलवार को जिला ऑडिटोरियम में आयोजित 36वें सड़क सुरक्षा माह कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता एवं पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा ने किया।

इस अवसर पर कलेक्टर दीपक सोनी ने कहा कि यातायात नियम आम नागरिकों की सुरक्षा और भलाई के लिए बनाए गए हैं। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, ट्रिपलिंग न करना और नियमों का पालन करना सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सहायक है।

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने कहा कि यातायात नियमों का पालन पुलिस के भय से नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि बच्चों को विशेष रूप से इस कार्यक्रम में शामिल किया गया ताकि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार को भी यातायात नियमों के प्रति सजग करें। उन्होंने जिला पुलिस द्वारा यातायात सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जागरूकता

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों और युवाओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुर ओ चन्दम और सेक्रेड हार्ट स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता गीत प्रस्तुत किए गए, वहीं अंशुल अवस्थी एंड ग्रुप ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नियमों के पालन का संदेश दिया।

इस अवसर पर यातायात व्यवस्था में सहयोग करने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र एवं हेलमेट प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने जिला पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

जिला पुलिस का यह प्रयास न केवल नियम तोड़ने वालों पर अंकुश लगाएगा, बल्कि जनसहभागिता के माध्यम से सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment