कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के किरोड़ीमल नगर में हुई गंभीर मारपीट की घटना में पुलिस ने त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह घटना वार्ड क्रमांक 09, उच्चभिट्ठी रोड की है, जहां आरोपियों ने पिता–पुत्र पर जानलेवा हमला किया।
पीड़ित गोविंद राम नेताम (45 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 09 किरोड़ीमल नगर ने थाना कोतरारोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मोहल्ले के पीछे गैलवे कंपनी के लिए दूसरे राज्य से लाए गए मजदूर निवास कर रहे हैं। 04 जनवरी 2026 की दोपहर उनका पुत्र छवि नेताम घबराया हुआ घर लौटा और बताया कि वहां रह रहे कुछ युवक जबरन काम करने का दबाव बना रहे थे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए उसके साथ मारपीट की।
घटना की जानकारी मिलने पर गोविंद राम नेताम अपने पुत्र के साथ समझाने के उद्देश्य से पीछे मोहल्ले में गए। आरोप है कि वहां मौजूद सभी आरोपियों ने गेट बंद कर हत्या की नीयत से पिता–पुत्र पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी बुधमन उरांव ने डंडे से गोविंद राम नेताम के सिर पर वार किया, जिससे उनका सिर फट गया और गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी तरह जान बचाकर पिता–पुत्र मौके से भागने में सफल रहे।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
घटना के बाद थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 05/2026 के तहत धारा 109(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आठ आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
बुधमन उरांव (40 वर्ष)
अशोक उरांव (24 वर्ष)
कार्तिक उरांव (25 वर्ष)
प्रकाश गोप (19 वर्ष)
मनोज उरांव (19 वर्ष)
मंगलदीप उरांव (26 वर्ष)
अरूण करमाली (19 वर्ष)
दीपक उरांव (19 वर्ष)
सभी आरोपी वर्तमान में वार्ड क्रमांक 09 किरोड़ीमल नगर स्थित बद्रिकाबाई चंद्रा के किराए के मकान में रह रहे थे तथा मूल रूप से झारखंड राज्य के निवासी हैं।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज एवं कोतरारोड़ थाना की पूरी टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।