ग्राम पंचायत पिसीद में श्रीराम मंदिर परिसर में चला स्वच्छता अभियान, महिला समूहों ने निभाई अग्रणी भूमिका

TEJASWI NATH SONI

December 21, 2025

बलौदाबाजार (कसडोल)।

कसडोल विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत पिसीद में निर्माणाधीन भव्य श्रीराम मंदिर परिसर में शनिवार को व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान ग्राम पंचायत के विभिन्न महिला स्वसहायता समूहों एवं श्रीराम मंदिर समिति के संयुक्त सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

ग्राम के दोनों प्रमुख तालाबों के मध्य स्थित श्रीराम मंदिर का निर्माण समस्त ग्रामवासियों एवं क्षेत्र के दानदाताओं के जनसहयोग से किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इस मंदिर का निर्माण कार्य अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के साथ ही प्रारंभ हुआ था, जो वर्तमान में निरंतर प्रगति पर है।

स्वच्छता अभियान के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की गई, जिससे निर्माण स्थल को सुव्यवस्थित और स्वच्छ बनाया जा सके। इस अभियान में मां अंबे महिला समूह, जय महामाया महिला समूह, मां बंजारी महिला समूह एवं शीतला माता महिला समूह की महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और सामूहिक श्रमदान से अभियान को सफल बनाया।

ग्राम पंचायत पिसीद में प्रतिवर्ष रामनवमी के पावन अवसर पर समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से भव्य शोभायात्रा निकाली जाती है, जो क्षेत्र का प्रमुख आकर्षण रहती है। मंदिर निर्माण के लिए ग्राम के नवयुवाओं द्वारा श्रीराम मंदिर समिति का गठन किया गया है। रामनवमी के अवसर पर भूमि पूजन के साथ मंदिर निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया था।

वर्तमान में श्रीराम मंदिर समिति ग्राम पंचायत में होने वाले धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसके साथ ही महिला समूहों एवं पंचायत प्रतिनिधियों—सरपंच व पंचों—के नेतृत्व में नशामुक्ति जागरूकता अभियान जैसे सामाजिक प्रयास भी किए जा चुके हैं।

आज के स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में श्रीराम मंदिर समिति के प्रमुख सलाहकार श्यामरतन पटेल, बद्रीप्रसाद पटेल, चंदूराम केवट, समिति अध्यक्ष उमाशंकर पटेल (शिक्षक), सचिव कृष्णशंकर पटेल, रूपेश पटेल (शिक्षक), कोषाध्यक्ष हिमानचंद देवांगन (शिक्षक) सहित सेवक पटेल, गजानंद पटेल, संतोष कुमार साहू, जीवन कैवर्त, धनीराम पटेल, घनश्याम पटेल एवं अन्य ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।

इस प्रकार ग्राम पंचायत पिसीद में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का एक प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिला।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment