चेरीडीपा–सावित्रिपुर में गुरु घासीदास जयंती पर श्रद्धा और समरसता का संदेश विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बाबा गुरु घासीदास के आदर्शों को अपनाने का किया आह्वान

TEJASWI NATH SONI

December 19, 2025

बसना। प्रथम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती के पावन अवसर पर बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत चेरीडीपा (सावित्रिपुर) में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता से ओतप्रोत भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. अग्रवाल ने बाबा गुरु घासीदास जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा जैतखाम की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात वे भव्य शोभायात्रा में भी शामिल हुए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और सतनाम पंथ के अनुयायी शामिल हुए।

 

सभा को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने प्रदेशवासियों को जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी केवल एक संत नहीं, बल्कि महान समाज सुधारक और युग प्रवर्तक थे। उन्होंने सत्य, अहिंसा और प्रेम के मार्ग पर चलकर समाज में व्याप्त ऊँच-नीच और भेदभाव के विरुद्ध ऐतिहासिक संघर्ष किया।

 

विधायक ने बाबा जी के अमर संदेश “मनखे-मनखे एक समान” को आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए कहा कि यही विचार समाज की असली शक्ति है। युवाओं से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि सेवा, समानता और सम्मान के भाव को अपनाकर ही एक सशक्त और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण किया जा सकता है।

 

कार्यक्रम के समापन पर पूरा क्षेत्र “जय सतनाम” के गगनभेदी जयघोष से गूंज उठा। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, सतनामी समाज के पदाधिकारियों, ग्रामीणों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment