राजिम में निकली भव्य सतनाम संदेश शोभायात्रा, गगनभेदी नारों से गूंजा नगर।

MOTI LAL

December 17, 2025

कार्यक्रम स्थल

राजिम। संत शिरोमणि बाबा गुरुघासीदास जी की 269वीं जयंती के पावन अवसर के पूर्व तहसील स्तरीय सतनामी समाज के तत्वावधान में मंगलवार को अनुविभाग मुख्यालय राजिम में भव्य *सतनाम संदेश शोभायात्रा* का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। सात श्वेत ध्वज वाहकों के नेतृत्व में निकली इस शोभायात्रा में समाज के हजारों श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए और “सतनाम” व “मनखे-मनखे एक समान” जैसे गगनभेदी नारों से पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया।

प्रातःकालीन सत्र में मुकेश भारती के नेतृत्व में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का स्वागत भाषण कार्यकारी अध्यक्ष राकेश मांडरे ने दिया। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री तथा पूर्व विधायक अमितेष शुक्ल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने शोभायात्रा में सहभागिता कर जैतखाम में पूजा-अर्चना की और संत बाबा गुरुघासीदास जी से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए आशीर्वाद लिया। श्री शुक्ल ने कहा कि संत बाबा गुरुघासीदास जी का संदेश आज भी सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने सतनामी समाज द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं सांस्कृतिक प्रयासों की सराहना भी की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संत बाबा खूबलाल टंडन ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में समाज को आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम को जनपद पंचायत छुरा के उपाध्यक्ष कुलेश्वर सोनवानी, जिला पंचायत गरियाबंद की सभापति द्वय नंदिनी कोमल ढीढी व नंदिनी साहू तथा नगर पंचायत राजिम के अध्यक्ष महेश यादव ने भी संबोधित किया।

शोभायात्रा नगर एवं आसपास के ग्रामों के प्रमुख मार्गों से होते हुए निर्धारित स्थल तक निकाली गई। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों की गूंज और सतनाम संदेश से संबंधित आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। समाज के वरिष्ठजनों ने संत बाबा गुरुघासीदास जी के सात सिद्धांतों और 42 वाणियों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, महिला-पुरुष, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अंत में समाजजनों ने जयंती कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया और सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सचिव सुघरमल आड़े ने किया तथा आभार प्रदर्शन शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी ने किया।

प्रधान संपादक

Share this content:

Leave a Comment