बलौदाबाजार 15 दिसम्बर 2025 कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा सोमवार को संगी मितान सेवा संस्था संचालित नशामुक्ति केन्द्र, भाटापारा में साइन लैंग्वेज डे के अवसर पर विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रवण बाधित दिव्यांग बच्चों द्वारा साइन लैंग्वेज के माध्यम से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थितजनों ने सराहा।
इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों, उनके परिजनों एवं उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्ति अभियान के तहत नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही नशामुक्ति केन्द्र की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह केन्द्र नशे से पीड़ित व्यक्तियों को चिकित्सा सहायता, परामर्श एवं पुनर्वास जैसी सेवाएं प्रदान करता है, जो उनके पुनर्जीवन की दिशा में एक प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि नशा मुक्ति एक दीर्घकालिक प्रक्रिया है, जिसमें समर्पण, संयम और धैर्य की आवश्यकता होती है। समाज के प्रत्येक वर्ग को नशामुक्ति के प्रति जागरूक होकर सहयोग करना चाहिए, ताकि एक स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।
आयोजित प्रतियोगिताओं में चयनित दिव्यांग बच्चों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उपस्थित सभी दिव्यांगजनों को इको-फ्रेंडली उपहार के रूप में पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।