बलौदाबाजार, 17 दिसम्बर 2025/ राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अंतर्गत पल्स पोलियो अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला स्वास्थ्य समिति दीपक सोनी की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, कार्ययोजना, तैयारियों की समीक्षा तथा अंतरविभागीय समन्वय से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री सोनी ने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय और सक्रिय सहभागिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो ड्रॉप से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार अवस्थी ने जानकारी दी कि जिले के सभी ग्रामों एवं शहरी वार्डों में बूथ दलों का प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया गया है। जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि वैक्सीन, कोल्ड चेन, बूथ प्रबंधन एवं मानव संसाधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित कर ली गई हैं। अभियान के सुचारू संचालन हेतु विकासखंडवार कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
बताया गया कि पोलियो बूथ आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों तथा पंचायत भवनों में स्थापित किए जाएंगे। अभियान का शुभारंभ 21 दिसंबर 2025 को किया जाएगा, जिसमें 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी। इसके पश्चात 22 एवं 23 दिसंबर 2025 को मॉप-अप दिवस के रूप में घर-घर भ्रमण कर शेष बच्चों को दवा पिलाई जाएगी।
जिले में कुल 1,80,681 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें विकासखंडवार लक्ष्य इस प्रकार है—
-
बलौदाबाजार: 41,821
-
भाटापारा: 34,045
-
कसडोल: 36,455
-
पलारी: 33,858
-
सिमगा: 34,502
बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अभियान के दौरान अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो ड्रॉप पिलवाकर पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।