समाचार | बलौदाबाजार, 15 दिसम्बर 2025 ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत बलौदाबाजार में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से जिला जल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बलौदाबाजार ब्लॉक की जल वाहिनी सक्रिय रूप से शामिल हुईं।
प्रशिक्षण सत्रों के दौरान प्रतिभागियों को फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से जल में फ्लोराइड, आयरन, नाइट्रेट, पीएच, टर्बिडिटी एवं अवशिष्ट क्लोरीन की जांच की व्यावहारिक विधियों की जानकारी दी गई। साथ ही जल स्रोत संरक्षण, जल गुणवत्ता निगरानी तथा पेयजल योजनाओं के दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। हैंड्स-ऑन प्रैक्टिकल डेमो के माध्यम से प्रशिक्षण को प्रभावी बनाया गया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट सहभागिता एवं सराहनीय कार्य करने वाली जल वाहिनियों को फील्ड टेस्ट किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जनपद सीईओ पी.सी. पटेल ने ग्राम स्तर पर पेयजल की नियमित गुणवत्ता जांच और फील्ड टेस्ट किट से त्वरित पहचान की आवश्यकता पर जोर देते हुए इसे आमजन को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने में सहायक बताया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सब इंजीनियर कली राम पैकरा ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जिले में जल गुणवत्ता निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ होगी और ग्राम स्तर पर सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
कार्यक्रम में जिला लैब केमिस्ट श्रुति, जिला परियोजना समन्वयक राजकुमार कोसले, मंजु गायकवाड सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।