बिना डिग्री इलाज बना मौत की वजह: गर्भवती महिला की मौत मामले में संस्कार हॉस्पिटल कटगी के संचालक सहित 2 आरोपी गिरफ्तार

SARJU PRASAD SAHU

December 14, 2025

गिधौरी थाना क्षेत्र में लापरवाही पूर्वक इलाज से एक गर्भवती महिला की मौत का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में संस्कार हॉस्पिटल कटगी के संचालक और बिना वैध डिग्री इलाज करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका अंजू प्रजापति गर्भवती थी। 8 जून 2025 की शाम करीब 6 बजे प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजन उसे एक रिटायर्ड नर्स के पास लेकर पहुंचे। वहां लापरवाही पूर्वक डिलीवरी कराई गई, जिसमें बच्चा मृत पैदा हुआ। डिलीवरी के दौरान अंजू को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा, लेकिन समय रहते उचित और अधिकृत चिकित्सा संस्थान में रेफर नहीं किया गया।

स्थिति गंभीर होने पर परिजनों को संस्कार हॉस्पिटल कटगी ले जाने की सलाह दी गई। आरोप है कि अस्पताल में दुखित साहू द्वारा लगभग दो घंटे तक अंजू को भर्ती रखकर इलाज किया गया, जबकि उसके पास इलाज से संबंधित कोई वैध मेडिकल डिग्री या दस्तावेज नहीं थे। जब हालत पूरी तरह बिगड़ गई तो अस्पताल प्रबंधन ने उसे जिला अस्पताल बलौदाबाजार ले जाने को कहा। रास्ते में ही जांच के दौरान डॉक्टरों ने अंजू को मृत घोषित कर दिया।

मामले की शिकायत दुर्गेश पटेल निवासी ग्राम कुम्हारी की रिपोर्ट पर थाना गिधौरी में अपराध क्रमांक 273/2025 धारा 105, 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में की गई जांच में यह तथ्य सामने आया कि संस्कार हॉस्पिटल कटगी में पंजीकृत डॉक्टर की नियुक्ति किए बिना अस्पताल का संचालन किया जा रहा था।

जांच के दौरान पुलिस ने जोहित राम साहू और दुखितराम साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों ने लापरवाही पूर्वक इलाज करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 14 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार इस मामले में अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार की जा रही है। प्रकरण की विवेचना जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

1. जोहित राम साहू, उम्र 40 वर्ष, निवासी बिल्हा, जिला बिलासपुर

2. दुखितराम साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम खैरा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर

यह मामला अवैध चिकित्सा और लापरवाही के कारण होने वाली मौतों पर एक गंभीर सवाल खड़ा करता है, जहां समय पर सही इलाज मिलता तो एक महिला की जान बचाई जा सकती थी।

#अवैधइलाज #बिनाडिग्रीडॉक्टर #मेडिकललापरवाही #संस्कारहॉस्पिटल #गर्भवतीमहिलाकीमौत #फर्जीडॉक्टर #पुलिसकार्रवाई #छत्तीसगढ़समाचार #बलौदाबाजार #गिधौरीथाना #अवैधअस्पताल #महिलासुरक्षा #स्वास्थ्यलापरवाही

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment