बलौदाबाजार, 2 दिसम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के 4 दिसम्बर को प्रस्तावित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर दीपक सोनी मंगलवार को सुहेला पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर मुख्य मंच निर्माण, पंडाल, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, वाहन पार्किंग, स्टॉल आदि व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की, साथ ही जिम्मेदारी अनुसार सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री सोनी ने हेलीपेड की सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और अन्य महत्वपूर्ण तैयारियों का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य मंच में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं अन्य आमंत्रित अतिथियों की बैठने की व्यवस्था, हितग्राहियों को सामग्री वितरण की प्रक्रिया सहित संपूर्ण आयोजन स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि—
सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित हों,
आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो,
पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए,
छोटी से छोटी कमियों को भी गंभीरता से लेते हुए समय पर दूर किया जाए।
निरीक्षण के दौरान डीएफओ गणवीर धम्मशील, सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।