बलौदाबाजार, 30 नवम्बर 2025/ कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार विकासखंड कसडोल के ग्राम कटगी में संचालित संस्कार हॉस्पिटल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर उठी शिकायतों के बाद जिला प्रशासन की टीम ने रविवार को आकस्मिक जांच की। जांच में कई गंभीर अनियमितताएँ पाए जाने के बाद प्रशासन ने नर्सिंग एक्ट का पालन न करने पर अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सीलबंद कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीएम रामरतन दुबे के नेतृत्व में गठित जांच टीम में तहसीलदार कसडोल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल थे। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गंभीर लापरवाही सामने आई—
नर्सिंग एक्ट के अनिवार्य प्रावधानों का पालन नहीं
प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की कमी
आवश्यक अनुमति/लाइसेंस का अभाव
मरीजों की सुरक्षा मानकों का उल्लंघन
रजिस्टर एवं रिकॉर्ड संधारण में अनियमितता
जांच अधिकारियों ने बताया कि हॉस्पिटल संचालक द्वारा चिकित्सा एवं नर्सिंग सेवाओं के संचालन में निर्धारित मानकों का घोर उल्लंघन किया गया है, जिससे मरीजों के जीवन पर सीधा खतरा उत्पन्न हो सकता था। इस कारण तत्काल कार्रवाई करते हुए संस्थान को सीलबंद कर दिया गया।
कलेक्टर दीपक सोनी ने स्पष्ट कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिना अनुमति, बिना योग्य स्टाफ, या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई अनिवार्य रूप से जारी रहेगी। उन्होंने सभी निजी अस्पतालों एवं क्लीनिकों को नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी है।
जिला प्रशासन द्वारा आगे भी ऐसे स्वास्थ्य संस्थानों की सघन निगरानी एवं जांच की जाएगी, ताकि नागरिकों को सुरक्षित, मानक आधारित और विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाएँ मिल सकें।