बलौदाबाजार, 24 नवम्बर 2025/ समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को और अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक एवं तकनीक-संचालित बनाने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा लागू किए गए “तुंहर टोकन” मोबाइल ऐप ने इस खरीदी सीज़न में किसानों की समस्याओं को काफी हद तक आसान कर दिया है। इस डिजिटल व्यवस्था ने खरीदी केंद्रों पर भीड़, लंबी कतारें और अनावश्यक इंतजार जैसी समस्याओं को लगभग समाप्त कर दिया है।
बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम केसला के किसान राजा राम जायसवाल ने “तुंहर टोकन” ऐप की मदद से समय पर डिजिटल टोकन प्राप्त कर 302 कट्टा धान शासकीय उपार्जन केंद्र अमेरा में विक्रय किया। उन्होंने बताया कि ऐप की सहायता से प्रक्रिया बेहद सरल हो गई है —
अब घर बैठे कुछ ही मिनटों में टोकन मिल जाता है,
केंद्र में पहुंचने पर सीधे तौल होती है,
न भीड़, न देरी और न बार–बार दौड़भाग की परेशानी।
किसान श्री जायसवाल ने बताया कि तकनीक आधारित इस व्यवस्था से कृषि कार्य और घरेलू दायित्व दोनों के लिए पर्याप्त समय मिल पा रहा है, जिससे समग्र जीवन में सुविधा बढ़ी है।
इसी प्रकार, किसान भुनेश्वर साहू ने भी बताया कि पहले खरीदी केंद्रों में पहुंचकर घण्टों इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब तय समय पर धान तौल होने से कार्य में गति और पारदर्शिता दोनों आई है।
💰 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य से आर्थिक संबल
किसान राजा राम जायसवाल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य से किसान परिवारों को मजबूत आर्थिक सहायता मिली है। प्राप्त धनराशि से—
कृषि ऋण की अदायगी,
बच्चों की शिक्षा हेतु राशि सुरक्षित,
अगले कृषि सीज़न के लिए उन्नत बीज, खाद, उपकरण व खेत सुधार कार्य
जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में निवेश किया जा रहा है।
📌 “समाधान पेटी” व्यवस्था बनी किसानों की आवाज
किसान ने कलेक्टर श्री दीपक सोनी द्वारा खरीदी केंद्रों में स्थापित समाधान पेटी के लिए भी धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब किसान सीधे प्रशासन तक अपनी समस्याएँ व सुझाव पहुंचा पा रहे हैं, जिससे खरीदी व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिल रही है।
✔️ प्रशासन की सतत मॉनिटरिंग से खरीदी व्यवस्था सुचारु
तकनीक आधारित सेवाओं, मैदानी निगरानी और सुदृढ़ प्रबंधन के कारण जिले में धान खरीदी प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी है। किसान संतुष्टि के साथ समर्थन मूल्य पर धान विक्रय कर रहे हैं, जिससे खरीदी कार्य में निरंतर गति बनी हुई है।