बलौदाबाजार, 15 नवम्बर 2025/
राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में 14 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया विधिवत रूप से आरंभ हो गई है। जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा तौल मशीन और बांट की पूजा-अर्चना कर खरीदी कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित किसानों को माला पहनाकर सम्मानित भी किया गया, जिससे किसानों में उत्साह और विश्वास का वातावरण देखने को मिला।
जिले में धान खरीदी के पहले दिन कुल 79 टोकन जारी किए गए, जिनके माध्यम से लगभग 3019 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। निर्धारित टोकन क्रम के अनुसार किसान उपार्जन केंद्रों पर धान लेकर पहुंच रहे हैं और प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है।
जिला प्रशासन द्वारा खरीदी व्यवस्था को निर्बाध एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए 129 समितियों और 166 उपार्जन केंद्रों में व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं।
इन केंद्रों में—
पेयजल सुविधा
किसानों के बैठने हेतु शेड
शिकायत पेटी
तौल और भंडारण की सुव्यवस्थित व्यवस्था
उपलब्ध कराई गई है ताकि किसान बिना किसी परेशानी के अपना धान बेच सकें।
कलेक्टर दीपक सोनी ने धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू रखने हेतु अपर कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर को नियमित रूप से उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण करने और किसी भी प्रकार की समस्या के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए हैं।
धान खरीदी आरंभ होते ही जिले के किसानों में नई उमंग और संतोष का माहौल बना है, और वे समर्थन मूल्य पर समयबद्ध खरीदी की पहल का स्वागत कर रहे हैं।