मेला में चाकू लहराकर लोगों को धमकाने वाला युवक गिरफ्तार — “समाधान सेल” की सक्रियता से मिली सफलता

TEJASWI NATH SONI

November 7, 2025

भाटापारा ग्रामीण, 7 नवम्बर 2025।
जिले में अपराध पर नकेल कसने के लिए पुलिस द्वारा संचालित “समाधान सेल” लगातार प्रभावी साबित हो रही है। इसी क्रम में थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने चाकू लहराकर लोगों को भयभीत करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। सूचना मिली थी कि सेमरिया घाट में आयोजित मेले के दौरान एक युवक चाकू लहराते हुए आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने की हरकत कर रहा है।

थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित लहरे (उम्र 19 वर्ष), निवासी ग्राम बिजराडीह, थाना भाटापारा ग्रामीण के रूप में की गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक धारदार चाकू बरामद किया है।

मामले में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 707/2025 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में जिले में “समाधान सेल” योजना के तहत आमजन की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित निराकरण के साथ-साथ आपराधिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों की धरपकड़ में निरंतर सफलता मिल रही है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तुरंत “समाधान सेल” हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से दें।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment