बिलासपुर, 22 अक्टूबर 2025। दीपावली के पावन अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स बिलासपुर ने सामाजिक संस्था जज्बा वेलफेयर सोसायटी के साथ मिलकर मुर्राभाठा क्षेत्र में जरूरतमंद परिवारों के लिए वस्त्रदान एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस पहल का उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों तक खुशियाँ पहुँचाना और त्योहार की उमंग को साझा करना रहा।
यह कार्यक्रम स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंदरजीत सिंह खालसा, राज्य सचिव श्री जितेन्द्र कुमार साहू के मार्गदर्शन तथा जिला मुख्य आयुक्त श्री चन्द्र प्रकाश बाजपेयी, जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त स्काउट श्री विजय टांडे, और राज्य संगठन आयुक्त स्काउट श्री विजय कुमार यादव के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर वरिष्ठ गाइडर श्रीमती पुष्पा शर्मा एवं जिला संगठन आयुक्त गाइड डॉ. पूनम सिंह के नेतृत्व में स्काउट-गाइड टीम ने क्षेत्र के गरीब परिवारों तक जाकर बच्चों को कपड़े एवं खाने का प्रसाद वितरित किया।
कार्यक्रम में जज्बा वेलफेयर सोसायटी से श्री संजय मतलानी ने समाज सेवा के इस कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्काउट-गाइड के इस मानवीय प्रयास की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में रोवर स्काउट लीडर सूर्यकांत खूंटे, गाइड-काम्या मरकाम, खुशबू पटेल, प्राची बर्मन, प्रकाश साहू, दिव्य दास, आकृति सिंह सहित जिले के कई स्काउट-गाइड, रोवर्स एवं रेंजर्स उपस्थित रहे।
यह पहल न केवल दीपावली की भावना को जीवंत करती है, बल्कि समाज में सेवा, करुणा और सहयोग का संदेश भी देती है।