लवन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले ‘मनी ग्रो इन्वेस्टमेंट’ के 3 मुख्य आरोपी दबोचे

SARJU PRASAD SAHU

October 20, 2025

लवन -: पैसा 25 माह में दोगुना करने का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले ‘मनी ग्रो इन्वेस्टमेंट’ कंपनी के 3 आरोपियों को लवन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कई लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे लाखों रुपये जमा करा लिए थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फरार अन्य सहयोगियों की तलाश तेज कर दी है।

यह है पूरा मामला

थाना लवन में दिनांक 27.11.2024 को प्रार्थी रमेश कुमार धोबी (53 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी विजय जायसवाल और अन्य लोग उनके पास आकर खुद को ट्रेडिंग के नाम से बिजनेस चलाने वाला बताते थे। उन्होंने प्रार्थी का विश्वास जीतकर उन्हें यह लालच दिया कि कंपनी में निवेश करने से रकम 25 महीने में दोगुनी हो जाएगी और उनसे बहुत लोग जुड़े हुए हैं। उनके झांसे में आकर प्रार्थी ने 08.12.2023 से 09.04.2024 तक कुल ₹5,25,000 की रकम कंपनी में निवेश करने के लिए दे दी। इस दौरान प्रार्थी को ₹44,000 वापस भी किए गए और उन्हें इक्विटस स्मॉल फाइनेंस कंपनी का चेक दिया गया।

इसके बाद, आरोपियों ने प्रार्थी का पैसा वापस करना बंद कर दिया और उनसे बातचीत भी बंद कर दी, जिससे उन्हें धोखाधड़ी का एहसास हुआ। प्रार्थी ने अपने स्तर पर पता किया तो यह जानकारी मिली कि क्षेत्र के कई लोगों से आरोपियों ने इसी तरह पैसा डबल करने का लालच देकर करोड़ों रुपये जमा कराए हैं और पैसा वापस न कर उनके साथ भी ठगी की है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना लवन में अपराध क्र. 496/2024 धारा 420, 34 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

3 आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों की धोखाधड़ी का खुलासा

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन पर लवन पुलिस ने मामले की जांच और विवेचना शुरू की। ‘मनी ग्रो इन्वेस्टमेंट’ कंपनी में पैसा लगाने वाले अन्य लोगों से भी पूछताछ कर उनके बयान लिए गए। इसके आधार पर मामले में शामिल 3 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने ‘मनी ग्रो इन्वेस्टमेंट’ कंपनी के नाम पर पैसा डबल करने का झांसा देकर प्रार्थी और अन्य कई लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि इस धोखाधड़ी के मामले में शामिल अन्य आरोपियों की जांच और विवेचना कार्रवाई जारी है और फरार अन्य आरोपियों की सरगर्मी से पता-तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:

विजय जायसवाल (50 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 03 लवन, स्थाई पता वीरेंद्र नगर वार्ड क्रमांक 01 पीएचसी ऑफिस के बाजू सरायपाली जिला महासमुंद

संतोष जायसवाल (49 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 09 लवन थाना लवन

महेंद्र जायसवाल (42 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 09 लवन थाना लवन

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment