हथबंद, 17 मार्च। थाना हथबंद क्षेत्र में शराब दुकान के गार्ड रूम में घुसकर गार्ड से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने देर रात जबरदस्ती कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर घुसते हुए गार्ड के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी।
पुलिस के अनुसार ग्राम तरपोंगा निवासी हरीश वैष्णव हथबंद शराब दुकान में गार्ड की ड्यूटी करता है। 11 मार्च की रात करीब 10 बजे शराब बिक्री काउंटर बंद होने के बाद वह अपने साथियों के साथ गार्ड रूम में खाना खा रहा था। इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन युवक वहां आए और जबरदस्ती दरवाजा खोलकर कमरे में घुस गए। अंदर घुसते ही आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और गार्ड के साथ मारपीट करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी।
घटना की रिपोर्ट पर थाना हथबंद पुलिस ने अपराध क्रमांक 64/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2), 333 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने गार्ड रूम में घुसकर मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 16 मार्च को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में चिंताराम उर्फ मनीराम अनंत (25 वर्ष), शिवकुमार तुरकाने (22 वर्ष) और डागेश्वर अनंत (24 वर्ष) सभी निवासी ग्राम हथबंद शामिल हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।