बलौदाबाजार, 13 मार्च 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम के गुवाहाटी में आयोजित समारोह के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त देशभर के किसानों के खातों में जारी की। इस अवसर को देशभर में “पीएम किसान उत्सव दिवस” के रूप में मनाया गया।
इस योजना के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के 1 लाख 27 हजार 278 किसानों के बैंक खातों में 25 करोड़ 68 लाख रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म और वेबकास्ट के माध्यम से किया गया। जिले के विकासखंड कार्यालयों और ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को इस योजना से जोड़ा गया।
जिले के कृषि विज्ञान केंद्र भाटापारा में कृषि विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय “पीएम किसान उत्सव दिवस” कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, महिला कृषक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और वैज्ञानिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य ईशान वैष्णव ने अपने संबोधन में कहा कि पीएम किसान योजना देश के अन्नदाताओं के लिए संजीवनी साबित हो रही है।
इस अवसर पर डॉ. राजपूत ने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र भाटापारा द्वारा किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, जैविक और प्राकृतिक खेती के साथ मौसम आधारित सलाह प्रदान कर उनकी आय बढ़ाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उप संचालक कृषि दीपक कुमार नायक, जनपद पंचायत भाटापारा के सीईओ हिमांशु वर्मा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अवधेश उपाध्याय तथा सूरजपुरा की सरपंच श्रीमती कैकई देवदास सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।