खपरीडीह पहांदा मोड़ के पास 14 चक्का ट्रक पलटा, बड़ा हादसा टला

SARJU PRASAD SAHU

February 3, 2026

गिधौरी। ग्राम खपरीडीह पहांदा मोड़ के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क के बीचो-बीच एक 14 चक्का भारी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक CG 04 MN 4321 को चालक द्वारा तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाया जा रहा था। मोड़ के पास वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सड़क पर पलट गया।

हादसे के समय ट्रक में बड़ी मात्रा में चावल लोड था, जो पलटने के बाद सड़क पर बिखर गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार ट्रक चालक द्वारा शराब का सेवन किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस द्वारा चालक की स्थिति की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्यवाही की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद यातायात बाधित होने की आशंका को देखते हुए तत्काल मौके पर यातायात पुलिस स्टाफ तैनात किया गया।

पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते यातायात को वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से सुचारू रूप से संचालित किया गया, जिससे किसी प्रकार की जाम की स्थिति निर्मित नहीं हुई। सौभाग्य से इस हादसे में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा है और चावल की बोरियों को हटाने का कार्य जारी है।

पुलिस द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment