कोरबा। कोरबा जिले के चंदेला होटल में शुक्रवार सुबह एक युवती की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। होटल के कमरे में 20 वर्षीय संध्या दास का शव मिला, जबकि उसके साथ ठहरा युवक राकेश कुमार मानिकपुरी मौके से गायब है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
होटल कर्मचारियों के अनुसार दोनों गुरुवार देर रात कमरे में लौटे थे। सुबह तक कमरे से कोई आवाज न आने पर जब दरवाजा खोला गया तो संध्या मृत अवस्था में मिली और राकेश गायब था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एफएसएल विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और कमरे से आवश्यक साक्ष्य संग्रहित किए।
होटल परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने होटल स्टाफ और मृतका के परिजनों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि राकेश को संदिग्ध मानते हुए उसकी तलाश तेज कर दी गई है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि मामला हत्या का है, आत्महत्या का या किसी अन्य कारण से मौत हुई है।
पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।