कोरबा। हरदी बाजार थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में छिंदपुर निवासी 43 वर्षीय पवन श्रीवास की मौत हो गई। मनोज कपड़ा बाजार में काम करने वाले पवन रोज की तरह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। थाना से करीब 50 मीटर आगे मोड़ पर अचानक आए अज्ञात वाहन ने उन्हें तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पवन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी से मिल सकती है सुराग
ग्रामीणों का कहना है कि हरदी बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने से वाहन और चालक की पहचान संभव है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि फुटेज से जांच को अहम कड़ी मिलेगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पवन अपने पीछे दो छोटे बच्चे—हर्ष (11 वर्ष) और मुस्कान (5 वर्ष) को छोड़ गए हैं। अचानक हुए इस हादसे से परिवार और पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि पवन स्वभाव से शांत और मेहनती थे, उनकी मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
न्याय और सहायता की मांग
ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक की जल्द पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी अपील की है।
जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें
लोगों को उम्मीद है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से दुर्घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी और दोषी को सज़ा मिलेगी।