रायपुर | 10 दिसंबर 2025
सेन संगवारी सामाजिक उत्थान मंच, छत्तीसगढ़ की एक महत्वपूर्ण आवश्यक ऑनलाइन बैठक मंगलवार 09 दिसंबर 2025 को गूगल मीट के माध्यम से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक में प्रदेशभर से समाज के सक्रिय सदस्य एवं पदाधिकारी वर्चुअली जुड़े और समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष श्री परमानंद सेन ने की। बैठक में प्रदेश सचिव लोकनाथ सेन, प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रीतपाल सिंह सेन, उपकोषाध्यक्ष हीरा श्रीवास, रायपुर नगर जिला संयोजक प्रिंस सेन, बालोद कर्मचारी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष उमेंद्र कौशिक, कोरबा से राजेश्वर श्रीवास, ताकेश्वर सेन, राहुल श्रीवास (जांजगीर), ओम सेन (कोंडागांव), शुभाशिष श्रीवास, प्रीतम कुमार सेन (धमतरी), अरुण श्रीवास सहित प्रदेश के अनेक जिलों से प्रतिनिधि शामिल हुए।
वैवाहिक मंच संचालन एवं बायोडाटा पीडीएफ पर निर्णय
बैठक में वैवाहिक मंच को और अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने को लेकर सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। निर्णयानुसार, अब तक एक साथ प्रकाशित हो रही वैवाहिक बायोडाटा पीडीएफ को आगामी समय में युवक एवं युवती के लिए अलग-अलग जारी किया जाएगा। इसके साथ ही तलाकशुदा, विधवा एवं विधुर वर्ग के बायोडाटा भी पृथक पीडीएफ में प्रकाशित किए जाएंगे।
यह भी तय किया गया कि किसी भी व्यक्ति का बायोडाटा परिजनों की अनुमति के बाद ही ग्रुप में साझा किया जाएगा। बायोडाटा में संपर्क नंबर के रूप में परिवार के वरिष्ठ सदस्य का नंबर ही दिया जाएगा, स्वयं अविवाहित युवक या युवती का मोबाइल नंबर शामिल नहीं किया जाएगा। फोटो स्पष्ट, सीधा, सामने से और बिना एडिटिंग का होना अनिवार्य रहेगा। अन्य वैवाहिक ग्रुपों के एडमिन को भी मुख्य एडमिन ग्रुप से जोड़कर आपसी समन्वय से कार्य करने का निर्णय लिया गया।
सामाजिक रक्तदाता सूची का निर्माण
समाजसेवा को और सशक्त करने के उद्देश्य से सेन समाज की सामाजिक रक्तदाता सूची तैयार करने पर सहमति बनी। यह सूची जिला-वार अपडेट कर पीडीएफ के रूप में प्रकाशित की जाएगी। इसमें रक्तदाता का फोटो, नाम, पिता का नाम, अब तक किए गए रक्तदान की संख्या, ब्लड ग्रुप, जिला, पूरा पता एवं संपर्क नंबर शामिल रहेंगे। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक जिले के लिए जिला प्रभारी अथवा जिला संपर्क नंबर की अलग सूची भी जारी की जाएगी, ताकि आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध हो सके।
रोजगार एवं शिक्षा मार्गदर्शन ग्रुप का गठन
बैठक में समाज के युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए रोजगार एवं शिक्षा मार्गदर्शन ग्रुप के गठन पर भी निर्णय लिया गया। प्रत्येक जिले से ऐसे अनुभवी व्यक्तियों का चयन किया जाएगा जो अपने जिले में उपलब्ध सरकारी एवं निजी रोजगार, शैक्षणिक संस्थान, विद्यालय-महाविद्यालय एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी उपलब्ध करा सकें। सभी जिलों के प्रभारियों को मिलाकर एक रोजगार-शिक्षा एडमिन पैनल बनाया जाएगा, जिसमें से कुछ चयनित सदस्य नियमित रूप से अन्य ग्रुपों में उपयोगी जानकारी साझा करेंगे।
सामाजिक धरोहर एवं ‘सामाजिक दर्पण’ पीडीएफ
समाज की उपलब्धियों को सहेजने के लिए सामाजिक धरोहर विषय पर भी अहम निर्णय लिया गया। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों की जानकारी पहले की तरह संकलित की जाएगी, लेकिन अब इसे पीडीएफ रूप में संरक्षित किया जाएगा। यह पीडीएफ प्रत्येक माह ‘सामाजिक दर्पण’ नाम से सभी ग्रुपों में जारी की जाएगी।
‘सामाजिक दर्पण’ में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, रक्तदाताओं, उत्कृष्ट सामाजिक कार्यकर्ताओं, कर्मचारी-अधिकारी डायरेक्टरी, विधिक क्षेत्र में कार्यरत समाजजनों की सूची समेत कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ शामिल की जाएंगी।
समाज के उत्थान की दिशा में मजबूत पहल
बैठक के समापन पर सभी सदस्यों ने समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में लिए गए निर्णयों से सेन संगवारी सामाजिक उत्थान मंच को संगठित, पारदर्शी और जनोपयोगी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति मानी जा रही है।