सुहेला पहुँचते ही मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत, कई महत्वपूर्ण घोषणाओं से जिले को दी बड़ी सौगात

TEJASWI NATH SONI

December 4, 2025

बलौदाबाजार, 4 दिसम्बर 2025/ तहसील मुख्यालय सुहेला में आज का दिन ऐतिहासिक रहा, जब मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय हेलीकॉप्टर से पहुँचे। हेलीपेड पर मुख्यमंत्री का आत्मीय एवं गरिमामयी स्वागत किया गया। उनके साथ उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा भी उपस्थित थे।

 

दुर्गोत्सव मैदान हेलीपेड पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। कलेक्टर दीपक सोनी ने मुख्यमंत्री का अगवानी कर कार्यक्रम स्थल तक मार्गदर्शन किया। हेलीपेड पर पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, डीएफओ गणवीर धम्मशील, जिला अध्यक्ष आनंद यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

 

 

मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण घोषणाएँ – जिले को मिली बड़ी सौगातें

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के विकास हेतु अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। ये घोषणाएँ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, अवसंरचना और कृषि व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने में मील का पत्थर साबित होंगी।

 

1. सुहेला में शासकीय कॉलेज की स्थापना

 

क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए होने वाली परेशानी को देखते हुए सुहेला में शासकीय कॉलेज खोलने की घोषणा की गई। इससे हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।

 

2. सुहेला तिगड्डा में सड़क सुधार—1 किमी डिवाइडर निर्माण

 

लगातार बढ़ते यातायात को देखते हुए सुहेला तिगड्डा में तीनों मार्गों पर 1 किलोमीटर लंबा डिवाइडर निर्माण कराया जाएगा, जिससे दुर्घटना रोकथाम और यातायात सुगमता बढ़ेगी।

 

3. तिल्दा में नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन हेतु ₹2 करोड़ 50 लाख स्वीकृत

 

स्वास्थ्य सेवाओं को उन्नत करने के उद्देश्य से तिल्दा में नए सीएचसी भवन के लिए राशि स्वीकृत की गई है।

 

4. बलौदाबाजार में पुराने नगर पालिका कार्यालय के पास मल्टी कॉम्प्लेक्स निर्माण

 

नगर के व्यावसायिक और नागरिक सुविधाओं को बढ़ावा देने हेतु आधुनिक मल्टी कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा।

 

5. बलौदाबाजार में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन हेतु ₹2 करोड़ 21 लाख

 

कन्या शिक्षा को प्रोत्साहन देने और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने हेतु बड़ा निवेश किया गया है।

 

6. जिले के 50 उपार्जन केंद्रों में पक्का शेड निर्माण हेतु 10–10 लाख रुपये

 

धान खरीदी केंद्रों में बारिश और धूप से फसल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण घोषणा की गई है।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता की सुविधा और विकास हमारी प्रतिबद्धता है। आज की घोषणाएँ जिले के शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और विकास के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार करेंगी।

 

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कृषक भाइयों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इन घोषणाओं का स्वागत किया।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment