सतरह बीघा में मिला युवक का शव, हत्या की जताई जा रही आशंका

SARJU PRASAD SAHU

May 4, 2025

बख्तियारपुर (पटना)। शनिवार सुबह बख्तियारपुर थाना अंतर्गत चिरैया पंचायत के सतरह बीघा गांव के समीप एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान मृतक के पास से मिले आधार कार्ड, वोटर आईडी और ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र निवासी सोनू कुमार सिंह (पिता – चंद्रकेत सिंह) के रूप में की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए बाढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

परिजनों ने बताया कि सोनू पटना में ड्राइवर का काम करता था और हाल ही में अपनी मामी के मायके गया हुआ था। मृतक के पिता झारखंड पुलिस में कार्यरत हैं। सोनू तीन भाइयों में एक था और उसकी मां कैंसर से पीड़ित है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और इस संबंध में बख्तियारपुर थाने में आवेदन भी दिया है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment