शिक्षा गुणवत्ता, समयबद्धता और परिणामोन्मुखी कार्य ही मुख्य लक्ष्य – शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव

TEJASWI NATH SONI

December 5, 2025

हासमुंद, 05 दिसम्बर 2025। रायपुर संभाग के स्कूल शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक आज जिला पंचायत महासमुंद में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में रायपुर, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिले के डीईओ, डीएमसी, बीईओ, बीआरसी समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में मंत्री श्री यादव ने कहा कि शिक्षा विभाग का मूल कार्य अध्ययन-अध्यापन है, जिसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने सभी जिलों को आगामी तीन वर्षों के लिए समग्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, जिसमें अधोसंरचना विकास, शैक्षणिक वातावरण सुधार और गुणवत्ता उन्नयन पर विशेष बल देने को कहा गया।

ऑनलाइन बायोमेट्रिक उपस्थिति होगी अनिवार्य

मंत्री ने स्पष्ट कहा कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों की ऑनलाइन बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य होगी। समय पर उपस्थिति नहीं देने वालों पर विभाग कड़ी निगरानी रखेगा।
उन्होंने डीईओ–बीईओ को नियमित निरीक्षण, दौरा चार्ट का पालन और वास्तविक अध्यापन सुनिश्चित करने निर्देशित किया।

10वीं का लक्ष्य 85% एवं 12वीं का लक्ष्य 90% परिणाम

उन्होंने बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए कहा कि–

  • कक्षा 10वीं का न्यूनतम परिणाम 85%,

  • कक्षा 12वीं का परिणाम 90% लाने का लक्ष्य निर्धारित किया जाए।

मंत्री ने कहा कि लक्ष्य केवल उत्तीर्णता नहीं, बल्कि बच्चों को उच्च श्रेणी में उत्तीर्ण कराना होना चाहिए।

मासिक परीक्षा अनिवार्य – ब्लूप्रिंट आधारित अध्ययन पर जोर

उन्होंने मासिक परीक्षा को अनिवार्य बताते हुए कहा कि इसकी सतत निगरानी आवश्यक है।
ब्लूप्रिंट आधारित अध्ययन, संसाधनों का बेहतर उपयोग और कुशल शिक्षण पद्धति लागू करने के निर्देश दिए।

अपार आईडी 100% पूर्ण करने के निर्देश

खातों की अद्यतन स्थिति और विद्यार्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए अपार ID को मिशन मोड में 100% पूर्ण करने को कहा गया।

हिंदी, गणित और अंग्रेजी दक्षता पर विशेष ध्यान

उन्होंने निर्देश दिए कि—

  • कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थी धारा–प्रवाह हिंदी पढ़ सकें,

  • माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर पर गणित और अंग्रेजी दक्षता बढ़ाने पर विशेष काम किया जाए।

ड्रॉपआउट रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता

मंत्री ने कहा कि किसी भी जिले में ड्रॉपआउट बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके लिए पालकों और समुदाय से नियमित संवाद आवश्यक है।

सेवानिवृत्त शिक्षकों के सत्वों का उसी दिन भुगतान

उन्होंने निर्देशित किया कि सेवानिवृत्त शिक्षकों की सेवा पुस्तिका, पासबुक और सत्वों का भुगतान सेवानिवृत्ति वाले दिन ही सुनिश्चित किया जाए।

मॉडल स्कूलों के चयन में तेजी

शिक्षा मंत्री ने भवनहीन विद्यालयों की अधोसंरचना शीघ्र पूर्ण करने, मॉडल स्कूलों के चयन एवं पीएम श्री विद्यालयों के कार्य जल्द पूरा करने पर बल दिया।


वैज्ञानिक मॉडल एवं प्रदर्शनी की प्रशंसा

बैठक के उपरांत मंत्री श्री यादव ने शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉल, मॉडल और प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
उन्होंने—

  • अटल टिकरिंग लैब का स्मार्ट डेम सिंचाई मॉडल,

  • एआई टूल्स पर आधारित प्रदर्शनी,

  • काष्ठ कला एवं साबुन से निर्मित कलाकृतियाँ,

  • “जादुई पिटारा” और जादुई गणित
    —की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास छात्रों में सृजनात्मकता और नवाचार बढ़ाते हैं।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment