बलौदाबाजार, 13 नवम्बर 2025/
कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग द्वारा स्व. रामनाथ वर्मा शासकीय महाविद्यालय मोपका में नई दिशा अभियान के तहत नशामुक्ति जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित करना था।
जागरूकता सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने छात्रों को बताया कि नशा न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और सामाजिक जीवन पर भी गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। उन्हें नशे से होने वाले नुकसान, उसके कानूनी पक्ष और रोकथाम के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा नशामुक्त भारत अभियान के तहत क्यूआर कोड स्कैन कर नशामुक्ति शपथ प्रमाणपत्र प्राप्त किए गए।
जिला चिकित्सालय की टीम ने नशे के दुष्परिणाम, परामर्श और मनोविकास संबंधी मार्गदर्शन दिया।
इसके साथ ही—
हम होंगे कामयाब पोर्टल में रोजगार अवसरों हेतु क्यूआर कोड स्कैन कर रजिस्ट्रेशन किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने महिला उत्पीड़न, लैंगिक अपराध, तथा सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूकता बढ़ाई।
कार्यक्रम में शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और विभागीय अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ, जागरूक एवं सुरक्षित समाज का निर्माण करना है।