शासकीय प्राथमिक शाला नंदनिया में उत्साहपूर्वक मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव एवं बाल अखबार का विमोचन

TEKRAM KOSLE

July 2, 2025

रिपोर्टर टेकराम कोसले

Masb news

कसडोल, 1 जुलाई 2025 — शासकीय प्राथमिक शाला नंदनिया में आज हर्षोल्लास के साथ शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवीन प्रवेशित बच्चों का पारंपरिक स्वागत तिलक, आरती और पुष्पवर्षा से किया गया। विद्यालय को रंग-बिरंगी पताकाओं और गुब्बारों से सजाकर उत्सवमय वातावरण निर्मित किया गया था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानपाठक श्री अशोक वर्मा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष श्रीमती उमा पैकरा एवं अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई, जिसके पश्चात प्रधानपाठक श्री वर्मा ने शाला प्रवेशोत्सव की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से अनुरोध किया कि वे बच्चों को नियमित रूप से तैयार कर स्कूल भेजें।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को डिक्शनरी, गणवेश, अभ्यास पुस्तिका, पेन तथा चॉकलेट सहित शैक्षिक सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि के रूप में बच्चों द्वारा तैयार ‘बाल अखबार – बाल जगत’ का विमोचन किया गया, जिसमें बच्चों की स्वरचित कहानियाँ, कविताएँ, चित्र व अन्य रचनाएँ सम्मिलित की गईं हैं। यह बाल सृजनात्मकता का एक सराहनीय उदाहरण रहा। बाल अखबार के विशेषांक में इस वर्ष प्रत्येक कक्षा के बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। बच्चों ने अपनी रचनाओं का वाचन भी किया, जिसे उपस्थित अतिथियों ने सराहा और उनके प्रयासों को प्रोत्साहन दिया।

अजीम प्रेमजी फाउंडेशन कसडोल से पधारे श्री नरेंद्र जी ने बाल अखबार की सराहना करते हुए सुझाव दिया कि इसका एक विशेषांक बच्चों द्वारा अपने पालकों की सुनाई गई कहानियों या किस्सों पर आधारित तैयार किया जाए, जिसे पालकों ने सहर्ष स्वीकार किया।

कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन शिक्षक श्री लोकनाथ बरिहा द्वारा किया गया। कार्यक्रम की सफलता में पालकगण, शिक्षकगण और विद्यार्थियों के साथ श्री चंद्रभान पैकरा,  गौर सिंह पैकरा, श्री विशाल पैकरा,  रामदुलार पैकरा,  खिलेश, कु. नंदनी यादव व  प्रमिला ध्रुव आदि का योगदान सराहनीय रहा।

संपादक { समाचार }

Share this content:

Leave a Comment