विकासखंड कसडोल में उत्साहपूर्वक मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस

TEKRAM KOSLE

August 30, 2025

रिपोर्टर टेकराम कोसले

Masb news

बलौदाबाजार/कसडोल।
मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को विकासखंड कसडोल के विभिन्न शासकीय व अशासकीय विद्यालयों में खेल दिवस का आयोजन उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। पूरे दिन छात्र-छात्राओं ने कबड्डी, खो-खो, दौड़, लंबी कूद, शॉटपुट, वॉलीबॉल, फुटबॉल आदि खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खेल के प्रति अपनी प्रतिभा और लगन का परिचय दिया।

विद्यालयों के क्रीड़ा प्रभारी रहे सक्रिय

इस अवसर पर शासकीय विद्यालय नगर पंचायत टुंडरा के क्रीड़ा प्रभारी जे.आर. बारले, कसडोल से नियमित खेल प्रशिक्षक के.आर. कैवर्त्य, महंत विद्यालय नरधा के क्रीड़ा प्रभारी बी.के. कोसले तथा शासकीय विद्यालय गिधौरी के क्रीड़ा प्रभारी एल.एल. प्रधान ने अपने-अपने विद्यालयों के बच्चों को खेलकूद में प्रोत्साहित किया।

इन क्रीड़ा प्रभारियों और प्रशिक्षकों की सतत मेहनत और मार्गदर्शन से कसडोल विकासखंड के विद्यार्थियों ने न सिर्फ ब्लॉक और जिला स्तर पर बल्कि राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भी अपनी जगह बनाई है। पीटीआई जे.आर. बारले के नेतृत्व और खेल भावना से प्रेरणा पाकर बच्चे आज खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

खेलों से मिला आत्मविश्वास और अनुशासन का संदेश

आयोजन के दौरान बच्चों को संबोधित करते हुए शिक्षकों ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक तंदुरुस्ती का साधन हैं, बल्कि ये अनुशासन, सामूहिकता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी सिखाते हैं। पढ़ाई के साथ खेलों को जीवन का हिस्सा बनाकर ही विद्यार्थी सर्वांगीण विकास की ओर बढ़ सकते हैं।

राज्य स्तर पर चमक रहे कसडोल के खिलाड़ी

कसडोल विकासखंड के कई विद्यार्थी पिछले वर्षों से राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। खेल दिवस के अवसर पर वक्ताओं ने यह विश्वास जताया कि आने वाले समय में यहां के बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपना परचम लहराएंगे और जिले व प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

खेल दिवस को मिला जनसमर्थन

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, पालक तथा ग्रामवासी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने बच्चों की खेल प्रतिभा को देखकर हौसला बढ़ाया और कहा कि इस प्रकार के आयोजन से बच्चों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार होता है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment