बलौदाबाज़ार, 30 अक्टूबर 2025/
कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा शासकीय महाविद्यालय लवन में “नई दिशा अभियान” के तहत नशे से मुक्ति हेतु जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, इससे होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सभी छात्रों और शिक्षकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ ली।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि नशे की लत केवल व्यक्ति ही नहीं, परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है।
इस अवसर पर जिला चिकित्सालय की टीम ने नशे के दुष्परिणामों और मनोवैज्ञानिक सुधार के उपायों पर प्रकाश डाला तथा “हम होंगे कामयाब” पहल के तहत रोजगार पोर्टल पंजीयन हेतु QR कोड स्कैन करने की जानकारी दी।
साथ ही, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला उत्पीड़न और लैंगिक अपराधों की रोकथाम से संबंधित विषयों पर भी जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करना और उन्हें समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
