बलौदाबाज़ार-भाटापारा, 1 नवम्बर 2025/ राज्य स्थापना दिवस (राज्योत्सव) के अवसर पर कलेक्टर श्री दीपक सोनी आज बलौदाबाज़ार जनपद के ग्राम लवनबंद पहुँचे। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों को छत्तीसगढ़ी भाषा में संबोधित किया और राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई दी।
कलेक्टर श्री सोनी के छत्तीसगढ़ी संवाद को सुनकर ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा –
“जब हमर कलेक्टर ह सुग्घर छत्तीसगढ़ी म गोठियाइस, त मन प्रसन्न हो गे।”
कलेक्टर श्री सोनी ने अपने संबोधन में ग्रामीणों से अपील की कि वे केंद्र एवं राज्य शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लें। उन्होंने सरपंच, सचिव, पटवारी और रोजगार सहायकों को निर्देशित किया कि वे गाँवों में योजनाओं का नियमित प्रचार-प्रसार करें ताकि हर पात्र व्यक्ति लाभान्वित हो सके।
इस अवसर पर कलेक्टर ने बताया कि धान खरीदी हेतु एग्रिस्टेक पोर्टल पर जिले के 1 लाख 62 हज़ार किसानों का पंजीयन पूरा हो चुका है, शेष किसान शीघ्र अपना पंजीयन कर लें ताकि उन्हें धान विक्रय में कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि “राज्य सरकार सभी पंजीकृत किसानों का वैध धान खरीदेगी”, और बिचौलियों पर जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी रहेगी।
कलेक्टर ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के 1 लाख 34 हज़ार से अधिक किसानों को लाभ प्राप्त हो रहा है — जो प्रदेश में सबसे अधिक है।
इस अवसर पर श्री सोनी ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली बिल से मुक्ति दिलाने के साथ-साथ अतिरिक्त बिजली बेचकर आय अर्जित करने का अवसर देती है।
उन्होंने बताया —
केंद्र सरकार द्वारा 1 किलोवाट सिस्टम पर ₹30,000, 2 किलोवाट पर ₹60,000, और 3 किलोवाट या उससे अधिक पर ₹78,000 तक की सब्सिडी दी जा रही है।
इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार द्वारा 1 किलोवाट पर ₹15,000 तथा 2 किलोवाट पर ₹30,000 की अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान की जा रही है।
श्री सोनी ने ग्रामीण युवाओं एवं बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें अपने क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच, जिला पंचायत सीईओ सुश्री दिव्या अग्रवाल, जनपद पंचायत सीईओ श्री फ़क़ीर चंद पटेल, नायब तहसीलदार श्री हेमेश साहू, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
