
रिपोर्टर टेकराम कोसले
Masb news
बलौदाबाज़ार-भाटापारा, 1 नवंबर 2025।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत जिले के 20 हजार से अधिक हितग्राहियों ने अपने नए पक्के मकान में गृह प्रवेश किया। इस अवसर पर कलेक्टर दीपक सोनी और सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल ग्राम लवनबंद पहुंचे और पारंपरिक विधि-विधान से तीन हितग्राहियों — नाथूराम सेन, संतराम साहू और दौलत राम निराला — को उनके नए घरों की चाबी सौंपी।
कलेक्टर श्री सोनी ने रिबन काटकर गृह प्रवेश की शुरुआत की और परिवारों को मिठाई व उपहार भेंट कर शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने अपने बीच कलेक्टर को पाकर उत्साह व्यक्त किया।
तीन पीढ़ियों का गृह प्रवेश — भारतीय संस्कृति के साथ अनोखा दृश्य
नाथूराम सेन के परिवार की तीन पीढ़ियों ने परंपरागत विधि से अपने नए घर में प्रवेश किया। परिवार की बेटी ने हल्दी और कुमकुम से हाथा देकर समृद्धि की कामना की, जबकि सास-बहू की जोड़ी श्रीमती प्यारी सेन और श्रीमती पूर्णिमा सेन ने नववधुओं की तरह कुमकुम वाले पैरों से गृह प्रवेश किया।
परिवार के मुखिया नाथूराम सेन ने बताया, “प्रधानमंत्री आवास योजना से हमें बड़ा सहारा मिला। हमने अपनी जमा पूंजी से भी थोड़ा योगदान दिया और परिवार की जरूरत के अनुसार 4 कमरों का सुंदर घर बनाया।”
उनकी धर्मपत्नी श्रीमती प्यारी सेन ने बताया, “कच्चे मकान में बारिश में छत टपकती थी और बंदर नुकसान करते थे। अब पक्का घर बन गया है तो सारी परेशानी खत्म हो गई।”
वधू श्रीमती पूर्णिमा सेन ने कहा, “अब खुद के घर में रहना सुखद अनुभव है, घर में शौचालय भी बना है जिससे सुविधा बढ़ी है।”
परिवार के बच्चे वासु, कोमल और चेतन ने उत्साहपूर्वक कहा — “थैंक यू मोदी जी!”
अन्य हितग्राही भी हुए लाभान्वित
गृह प्रवेश के दौरान श्रीमती बेन बाई निराला ने गुरु घासीदास जी की आरती कर अपने नए घर में प्रवेश किया, वहीं संतुराम साहू ने भी अपनी धर्मपत्नी के साथ गृह प्रवेश किया।
कलेक्टर श्री सोनी और सीईओ सुश्री अग्रवाल ने सभी लाभार्थियों को नए घर की चाबी सौंपकर शुभकामनाएं दीं। सभी हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ग्राम सरपंच, जनपद सीईओ बलौदाबाज़ार, नायब तहसीलदार, आवास मित्र और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।