मेनोपॉज़ जागरूकता कार्यशाला में महिलाओं को मिला स्वास्थ्य और आत्मविश्वास का संदेश

SARJU PRASAD SAHU

September 24, 2025

बलौदाबाजार-:  24 सितम्बर 2025  महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज जनपद कार्यालय बलौदाबाजार में मेनोपॉज़ जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव और जनपद उपाध्यक्ष सुमन वर्मा ने किया।

इस अवसर पर जिले की प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. करुणा यादव, डॉ. पूनम आडिल, डॉ. खुशबु बाजपेई और डॉ. प्रीतिबाला ने मेनोपॉज़ के समय होने वाले शारीरिक और मानसिक बदलावों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवस्था में हड्डियों की कमजोरी, हार्मोनल असंतुलन, अनिद्रा, चिड़चिड़ापन, वजन बढ़ना और मानसिक तनाव जैसे लक्षण आम हैं, जिन्हें नज़रअंदाज़ नहीं किया जाना चाहिए।

डॉक्टरों ने महिलाओं को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, योग, ध्यान और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। उन्होंने यह भी बताया कि मेनोपॉज़ के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच, कैल्शियम और आयरन युक्त आहार, भरपूर पानी का सेवन और समय पर चिकित्सकीय परामर्श बेहद ज़रूरी है।

डॉ. राजेश अवस्थी ने जानकारी दी कि कार्यशाला में उपस्थित महिलाओं ने खुलकर अपने सवाल पूछे और विशेषज्ञों से समाधान प्राप्त किए। महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल उन्हें ज़रूरी जानकारी देते हैं, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं।

इस कार्यशाला में 40 से 55 वर्ष आयु वर्ग की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और मेनोपॉज़ से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

2 thoughts on “मेनोपॉज़ जागरूकता कार्यशाला में महिलाओं को मिला स्वास्थ्य और आत्मविश्वास का संदेश”

Leave a Comment