रायगढ़ -: 24 अक्टूबर 2025 छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा शुक्रवार को रायगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने न्यायालयीन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। रायगढ़ से लौटते समय उन्होंने खरसिया, सक्ती और जिला न्यायालय जांजगीर-चांपा का भी आकस्मिक निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि वर्तमान में उच्च न्यायालय में दीपावली अवकाश चल रहा है, इसके बावजूद मुख्य न्यायाधीश विभिन्न आवश्यक प्रकरणों की सुनवाई के साथ ही न्यायिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न न्यायालयों का निरीक्षण कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान रायगढ़ जिला न्यायालय के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जितेंद्र कुमार सहित अन्य न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। पूर्व निरीक्षण में पाई गई कमियों के निराकरण पर मुख्य न्यायाधीश ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिवक्ताओं से मुलाकात की और लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
खरसिया पहुंचकर मुख्य न्यायाधीश ने सिविल न्यायालय के नवीन भवन का निरीक्षण किया और अधिवक्ताओं के साथ चर्चा की। पार्किंग क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए। इसके बाद सक्ती न्यायालय का निरीक्षण किया गया, जहां सभी कक्षों और अनुभागों की स्थिति संतोषजनक पाई गई।
अंत में उन्होंने जिला न्यायालय जांजगीर-चांपा का निरीक्षण किया। न्यायालय भवन की साफ-सफाई पर संतोष व्यक्त करते हुए न्यायिक अधिकारियों को मामलों के त्वरित निपटान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव, संयुक्त रजिस्ट्रार कम पीपीएस एम.वी.एल.एन. सुब्रहमन्यम और प्रोटोकॉल अधिकारी आर.एस. नेगी उपस्थित रहे।
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा के निरंतर प्रयासों से प्रदेश की न्यायालयीन व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
,#मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा, #छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, #रायगढ़ न्यायालय निरीक्षण, #खरसिया न्यायालय, #सक्ती न्यायालय, #जांजगीर-चांपा जिला न्यायालय, #न्यायिक व्यवस्था छत्तीसगढ़