बलौदाबाजार, 10 दिसम्बर 2025/
बलिदान दिवस के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह की जन्मभूमि और कर्मभूमि ग्राम सोनाखान पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहाँ स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर नारायण सिंह को सादर नमन किया तथा उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विनम्र श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय का भी अवलोकन किया और वहाँ संरक्षित ऐतिहासिक स्रोतों व तथ्यों की जानकारी ली।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री रामविचार नेताम, श्री केदार कश्यप, श्री टंकराम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, सोनाखान सरपंच गजानंद पटेल, शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज राजेंद्र दीवान, कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, तथा अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
शहादत का इतिहास
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ महतारी के अमर सपूत, प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह को 10 दिसंबर को अंग्रेजों द्वारा रायपुर के जयस्तंभ चौक में फाँसी पर चढ़ा दिया गया था। 1857 की क्रांति में उनकी भूमिका ने उन्हें छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी के रूप में ऐतिहासिक पहचान दिलाई।
सोनाखान के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता
राज्य सरकार द्वारा सोनाखान को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। यहाँ चरणबद्ध विकास कार्यों को मंजूरी देते हुए सुविधाएँ बढ़ाई जा रही हैं, ताकि यह पवित्र स्थल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बने।