मनोविकास केंद्र के छात्रों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया कमाल, गोवा पर्पल फेस्ट में योग प्रदर्शन कर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव

SARJU PRASAD SAHU

October 17, 2025

बलौदाबाजार -: 17 अक्टूबर 2025। मनोविकास केंद्र बलौदाबाजार के प्रतिभाशाली छात्रों ने गोवा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पर्पल फेस्ट 2025 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया है। 9 से 12 अक्टूबर तक आयोजित इस आयोजन में केंद्र के पाँच छात्रों ने शानदार योग प्रदर्शन कर दिव्यांगजनों की क्षमताओं और समावेशन की भावना को उजागर किया।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर जिले का परचम लहराने के बाद शुक्रवार को छात्र कलेक्टर दीपक सोनी से मिले और अपने अनुभव साझा किए। कलेक्टर ने छात्रों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

मनोविकास केंद्र की नोडल अधिकारी आशा शुक्ला ने बताया कि केंद्र के छात्र कुलदीप निर्मलकर, तुषार सेन, पुष्कर कुमार साहू, लोकेश कुमार वर्मा और किशन यादव का चयन इस फेस्ट के लिए हुआ था। फेस्ट में बच्चों ने लगभग 12 मिनट तक योग प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब सराहना पाई। इस दौरान उन्होंने निःशक्तजनों के लिए देशभर में हो रहे नवाचार और सशक्तिकरण के कार्यों को भी जाना।

अंतरराष्ट्रीय पर्पल फेस्ट 2025 को दिव्यांगजनों की रचनात्मकता, प्रतिभा और सशक्तिकरण का जीवंत उत्सव माना जा रहा है। यह आयोजन भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, गोवा सरकार के राज्य आयुक्त (दिव्यांगजन कार्यालय), सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और संयुक्त राष्ट्र भारत के सहयोग से आयोजित किया गया। फेस्ट का उद्देश्य दिव्यांगजनों के समावेशन, पहुँच और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है ताकि समाज में हर व्यक्ति गरिमा और समान अवसरों के साथ जीवन जी सके।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment