भाटापारा, 25 अक्टूबर 2025।
भाटापारा शहर में हुए गंभीर मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना पुराने विवाद के चलते हुई थी, जिसमें आरोपियों ने लोहे की रॉड और डंडे से हमला कर पीड़ित को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
🔹 घटना का विवरण
दिनांक 22 अक्टूबर 2025 की रात करीब 11:00 बजे, प्रार्थी तरुण शर्मा अपने साथी पंकज यादव सहित कुछ दोस्तों के साथ एलआईसी ऑफिस भाटापारा के सामने बैठा था। इसी दौरान आरोपी लोमेश ध्रुव, सोनू भट्ट और उनके साथी वहाँ पहुँचे और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपियों ने लोहे की पाइप, डंडा और हाथ मुक्कों से हमला कर प्रार्थी व उसके साथी को गंभीर चोटें पहुंचाईं।
इस घटना पर थाना भाटापारा शहर में अपराध क्रमांक 582/2025 धारा 296, 109, 191(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
🔹 पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में, भाटापारा शहर थाना पुलिस ने घटना में शामिल पाँच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सभी आरोपियों ने पुराने विवाद के चलते हमला करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लोहे की पाइप, डंडा और अन्य सबूत जब्त किए हैं।
आज दिनांक 24 अक्टूबर 2025 को सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। प्रकरण की विवेचना जारी है।
🔸 गिरफ्तार आरोपी
-
लोमेश ध्रुव, उम्र 26 वर्ष, निवासी परशुराम वार्ड, भाटापारा
-
हेमंत भट्ट उर्फ सोनू, उम्र 19 वर्ष, निवासी नहरपार नयागंज वार्ड, भाटापारा
-
जागेंद्र उर्फ जग्गू यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी परशुराम वार्ड, भाटापारा
-
आशीष यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी परशुराम वार्ड, भाटापारा
-
दुष्यंत यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी परशुराम वार्ड, भाटापारा