पिथौरा -: विकासखंड के दूरस्थ ग्राम बुंदेली में पिछले कई महीनों से एक झोलाछाप डॉक्टर खुलेआम क्लीनिक खोलकर ग्रामीणों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहा है। बिना किसी चिकित्सा डिग्री और नर्सिंग होम एक्ट पंजीयन के यह व्यक्ति इलाज के नाम पर इंजेक्शन और दवाइयां दे रहा है और भोलेभाले ग्रामीणों से मोटी रकम वसूल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि क्लिनिक में मरीजों को ड्रिप भी लगाई जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार यह झोलाछाप डॉक्टर हर बीमारी का इलाज करता है — चाहे मरीज को बुखार हो, खांसी हो या कोई गंभीर तकलीफ। हैरानी की बात यह है कि शाम के समय उसके क्लीनिक में मरीजों की लंबी कतारें लग जाती हैं, क्योंकि आसपास कोई सरकारी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं है।
ग्रामीणों ने बताया कि अंबेडकर चौक के पास स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र वर्षों से बंद पड़ा है। जब लोग इलाज के लिए वहां पहुंचते हैं तो दरवाजे पर ताला लटका मिलता है। मजबूरी में ग्रामीण इसी झोलाछाप डॉक्टर के पास इलाज करवाने को विवश हैं।
सबसे गंभीर बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण अब तक इस फर्जी डॉक्टर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लंबे समय से क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोई छापामार कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते ऐसे झोलाछाप डॉक्टर बेखौफ होकर क्लिनिक चला रहे हैं।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
#झोलाछाप डॉक्टर #बुंदेली समाचार #पिथौरा स्वास्थ्य व्यवस्था #ग्रामीण स्वास्थ्य संकट # बिना डिग्री डॉक्टर इलाज #स्वास्थ्य विभाग लापरवाही #फर्जी क्लिनिक कार्रवाई #छत्तीसगढ़ ग्रामीण स्वास्थ्य #पिथौरा ब्लॉक #अंबेडकर चौक उप स्वास्थ्य केंद्र