
रिपोर्टर टेकराम कोसले
Masb news
बलौदाबाजार, 1 नवम्बर 2025।
वन विभाग की टीम ने संडी गांव में संचालित चंद्रिका वर्मा सॉ मिल पर छापामार कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। वन परिक्षेत्र अधिकारी बसंत कुमार खांडेकर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में प्रतिबंधित प्रजातियों की लकड़ियाँ — साजा, मुढ़ी और बबूल — बड़ी मात्रा में बरामद की गईं।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस जांच में पाया गया कि सॉ मिल में भारतीय काष्ठ चिरान अधिनियम, 1984 के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए प्रतिबंधित लकड़ियों का अवैध चिरान किया जा रहा था। वन विभाग ने साक्ष्य मिलने पर प्रकरण क्रमांक 1968/17 दिनांक 30/10/2025 दर्ज कर सॉ मिल को सील कर दिया है।
कार्रवाई में वनपाल उमाशंकर कैवर्त, वनरक्षक रजनीश वर्मा, दिलेश्वर कंवर, मनबोधन टंडन, विजय ध्रुव, पाटले, तथा वनकर्मी रितेश साहू, सूरज और किशोर की सक्रिय भूमिका रही।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से लकड़ी के व्यापार या चिरान में लिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।