पीएम सूर्यघर योजना से दोहरा लाभ सिमगा के व्यवसायी लखन लाल के घर और दुकान दोनों में उजाला और बचत

SARJU PRASAD SAHU

October 13, 2025

बलौदाबाजार-भाटापारा-: 13 अक्टूबर 2025: प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी “पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना” बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के नागरिकों के लिए वरदान साबित हो रही है। सिमगा निवासी व्यवसायी लखन लाल देवांगन ने इस योजना का लाभ उठाकर अपने घर और व्यवसायिक प्रतिष्ठान, दोनों के बिजली खर्च को लगभग शून्य कर दिया है, जिससे उन्हें दोहरा लाभ मिला है।

दुकान से हुई शुरुआत, घर तक पहुंची रोशनी

सिमगा में ‘शक्ति हार्डवेयर’ नामक दुकान संचालित करने वाले लखन लाल देवांगन को मोबाइल के माध्यम से “पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना” की जानकारी मिली। एक व्यवसायी के तौर पर, उन्हें यह योजना आर्थिक रूप से बेहद उपयोगी लगी। उन्होंने सबसे पहले अपनी हार्डवेयर दुकान पर 5 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया।

लखन लाल ने बताया, “सोलर पैनल लगाने के कुछ ही समय बाद मुझे इसका सीधा फायदा दिखने लगा। मेरे बिजली बिल में भारी कमी आई और यह लगभग शून्य के बराबर हो गया।” दुकान में सकारात्मक परिणाम देखने के बाद, उन्होंने तुरंत अपने घर पर भी 4 किलोवाट का सोलर पैनल स्थापित करवाया। अब, उनके घर और दुकान, दोनों का बिजली बिल लगभग नगण्य हो चुका है।

सब्सिडी ने बनाया आसान, बचत बनी पहचान

इस योजना के तहत लखन लाल को शासन से पर्याप्त सब्सिडी भी प्राप्त हुई, जिससे सोलर पैनल स्थापित करने की लागत काफी कम हो गई। उन्होंने इस पहल को “दूरदर्शी और जनहितकारी” बताते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

लखन लाल ने कहा, “पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने न केवल हमें आर्थिक राहत दी है, बल्कि हमें स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगदान देने का मौका भी दिया है। यह पहल आम जनजीवन को सशक्त बना रही है।”

लखन लाल देवांगन जैसे कई नागरिक इस योजना को अपनाकर न केवल अपने बिजली बिल में बचत कर रहे हैं, बल्कि हरित ऊर्जा के प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे आगे बढ़कर इस योजना का लाभ लें, ताकि हर घर आत्मनिर्भर बने और हर छत से स्वच्छ ऊर्जा का प्रसार हो सके।

वास्तव में, “पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना” आज आमजन के जीवन में सिर्फ उजाला ही नहीं, बल्कि आर्थिक राहत और आत्मनिर्भरता की नई किरण बन चुकी है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

1 thought on “पीएम सूर्यघर योजना से दोहरा लाभ सिमगा के व्यवसायी लखन लाल के घर और दुकान दोनों में उजाला और बचत”

Leave a Comment