पलारी पुलिस ने वृद्ध महिला पर प्राणघातक हमला कर लूट करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार

TEKRAM KOSLE

November 3, 2025

रिपोर्टर टेकराम कोसले

Masb news

बलौदाबाजार, 3 नवम्बर 2025। थाना पलारी पुलिस ने ग्राम छेरकापुर में हुई एक सनसनीखेज लूट और हमले के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने वृद्ध महिला पर उस्तरा/चाकू से प्राणघातक वार कर चांदी के लच्छा लूट लिए थे।

क्या था मामला

29 सितम्बर 2025 को ग्राम छेरकापुर निवासी सौरभ कुमार साहू ने थाना पलारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 3:30 बजे खेत से लौटने पर उसके माता-पिता ने देखा कि उसकी दादी श्रीमती गीता साहू कमरे में खून से लथपथ पड़ी थीं। पूछताछ करने पर घायल वृद्धा ने बताया कि उनके घर नाई आया था, जिसने उनका गला दबाकर धारदार हथियार से वार किया और पैर में पहने दो नग चांदी के लच्छा लूटकर फरार हो गया।

इस पर थाना पलारी में अपराध क्रमांक 362/2025 धारा 333, 309(4), 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना प्रभारी पलारी की टीम ने जांच के दौरान कार्यपालिक दंडाधिकारी की उपस्थिति में पीड़िता का बयान दर्ज किया। बयान और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी घनश्याम सेन (उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम बलौदी, वर्तमान निवासी छेरकापुर) को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया कि उसने लूट की नीयत से वृद्ध महिला पर उस्तरा/चाकू से हमला कर चांदी के लच्छा लूटे और मौके से फरार हो गया था।

बरामदगी और आगे की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त उस्तरा/चाकू बरामद किया है। आरोपी को 3 नवम्बर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

 

संपादक { समाचार }

Share this content:

Leave a Comment