बलौदाबाज़ार, 20 नवम्बर। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। खरीदी प्रारंभ हुए पाँच दिन ही हुए हैं, लेकिन अधिकांश उपार्जन केंद्रों में धान की आवक में तेजी देखी जा रही है। अब तक 2,846 किसानों से 11,875 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।
कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल के बावजूद किए गए वैकल्पिक इंतजामों से खरीदी पूरी तरह सुचारू है। किसानों से अपील की गई है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना से दूर रहें और निर्धारित टोकन के अनुसार केंद्रों में धान लेकर पहुंचें।
खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 1,65,012 किसान पंजीकृत हैं। पंजीकृत रकबा 1,61,455.69 हेक्टेयर तथा धान खरीदी का अनुमति लक्ष्य 9,15,400 मीट्रिक टन निर्धारित है।
जिले में 129 समितियों एवं 166 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी का कार्य किया जा रहा है।
प्रशासन ने कहा है कि खरीदी व्यवस्था पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है और किसानों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
