दीपावली पर्व पर बलौदाबाजार मार्केट एरिया में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध — एएसपी अभिषेक सिंह ने दल-बल के साथ लिया जायजा

TEJASWI NATH SONI

October 16, 2025

 

बलौदाबाजार, 16 अक्टूबर 2025।

दीपावली पर्व के अवसर पर जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा नागरिकों को सुरक्षित वातावरण में त्योहार मनाने हेतु बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस बल द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

 

इस अंतर्गत सराफा मार्केट के दोनों प्रमुख प्रवेश मार्गों पर सशस्त्र पुलिस बल की 24 घंटे तैनाती की गई है। यह बल रात्रि के समय भी सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखेगा, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। साथ ही मार्केट एरिया में भीड़ नियंत्रण एवं सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए यातायात पुलिस बल को सभी मुख्य मार्गों में नियुक्त किया गया है।

 

दीपावली की भीड़ को देखते हुए चार पहिया वाहनों का प्रवेश बलौदाबाजार मार्केट क्षेत्र में पूर्णत: निषेध किया गया है, जिससे बाजार क्षेत्र में जाम या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

 

आज दिनांक 16 अक्टूबर 2025 को सायं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक सिंह, निरीक्षक अजय झा (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली) तथा पुलिस बल के साथ स्वयं बलौदाबाजार मार्केट और सराफा मार्केट एरिया में पैदल पेट्रोलिंग पर निकले। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों व यातायात बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के मार्गदर्शन में जारी इस अभियान का उद्देश्य दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।

 

पुलिस विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि त्योहार सभी के लिए सुखद और सुरक्षित बन सके।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

1 thought on “दीपावली पर्व पर बलौदाबाजार मार्केट एरिया में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध — एएसपी अभिषेक सिंह ने दल-बल के साथ लिया जायजा”

Leave a Comment