
बलौदा बजार -: जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के विकासखंड बलौदाबाजार अंतर्गत ग्राम मरदा के वार्ड क्रमांक 11 में निवासरत तिहारू राम यादव, गौरीबाई यादव, संजू, ललिमा, गरीबा, अमीरा और धनमन यादव का परिवार समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
इस परिवार में कुल छह सदस्य हैं, जिनमें पाँच सदस्य लगभग 70 प्रतिशत नेत्रहीन हैं तथा एक सदस्य — माता गौरीबाई यादव — शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं। बावजूद इसके, परिवार के बच्चों ने हिम्मत नहीं हारी। सभी बच्चे न केवल अपनी पढ़ाई पूरी कर रहे हैं, बल्कि रोजाना लगभग 20 किलोमीटर की दूरी तय कर मरदा गांव से कसडोल तक कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त करने जाते हैं।
इन बच्चों के संघर्ष और हौसले को देखकर यादव समाज के पदाधिकारी गदगद हो उठे। दीपावली के अवसर पर समाज के पदाधिकारियों ने इस परिवार को सहयोग राशि प्रदान कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी और दिवाली को और भी अर्थपूर्ण बनाया।
इस अवसर पर झेरिया यादव समाज के प्रदेश संगठन मंत्री चंदराम यादव, अध्यक्ष लवन परिक्षेत्र भीखम लाल यादव, उपाध्यक्ष ग्रामीण जिला इकाई बलौदाबाजार लक्ष्मी प्रसाद यादव, कोषाध्यक्ष महा सिंह यादव, सह सचिव चूड़ामणि यदु तथा जिला ग्रामीण इकाई बलौदाबाजार के सलाहकार ईश्वर प्रसाद यादव सहित समाज के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि इन बच्चों का जज़्बा समाज के सभी बच्चों के लिए प्रेरणा है। हमें उनसे सीख लेनी चाहिए कि जीवन में कितनी भी कठिनाई क्यों न हो, शिक्षा से कभी पीछे नहीं हटना चाहिए।