गिधपुरी में शराब भट्ठी विरोध: जनता ने किया सड़कों पर जमकर प्रदर्शन – स्कूल, अस्पताल, बैंक और बच्चों की सुरक्षा खतरे में, सरकार को मिली कड़ी चेतावनी

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

October 8, 2025


गिधपुरी, पलारी जनपद क्षेत्र (08 अक्टूबर 2025, दोपहर) – ग्राम पंचायत गिधपुरी में प्रस्तावित नई शराब भट्ठी के खिलाफ आज दोपहर आसपास के गाँवों से सैकड़ों ग्रामीण और महिलाएँ सड़कों पर उतर आईं। भीड़ ने भट्ठी स्थल के सामने जोरदार प्रदर्शन और नारेबाज़ी करते हुए शासन-प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी। माहौल में विरोध की गूँज थी और नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

भीड़ के मुखर नारों ने सरकार को चुनौती दी —
“भट्टी बंद कर, गाँव बचा!”,
“नशा छोड़, गाँव जोड़!”,
“शराब नइ, पढ़ाई अउ संस्कार चाहिए!”,
“हमर गिधपुरी, नशा मुक्त रही!”

ग्राम पंचायत के ग्रामीण तुकेश्वर साहू ने कहा —

“शासन के मंशा पर सवाल उठना लाजिमी हे। एक तरफ भाजपा नेता कांग्रेस के सत्ता म दारू भट्ठी के विरोध करथें, फेर अपन सत्ता म आतेच नए भट्ठी खोले म लाग गे हें। गिधपुरी म बिना पंचायत NOC के दारू भट्ठी संचालित करे के कोशिश होवत हे, जेन ले गाँव के जनप्रतिनिधि अउ नागरिक मन म आक्रोश बढ़ गे हे। हमर हाई स्कूल म आठ गाँव के बच्चा मन पढ़े बर आथें, ओमन ऊपर का असर परही ए बात ला कोनो नहीं सोचत। स्कूल, अस्पताल, सहकारी समिति बैंक अउ आस्था केंद्र डोंगरदेवी के सुरक्षा खतरा म हे। शासन-प्रशासन केवल पैसा चाहत हे, जनता अउ महिला मन के पीड़ा के कोनो चिंता नई करय। सरकार ला गाँव के भलई नइ, दारू के कमाई दिखत हे।”

वहीं मधु साहू ने सरकार को सीधा संदेश देते हुए कहा —

“भट्टी बंद करव! सरकार महतारी वंदन योजना ले देवत पैसा जनता के भलई म लगाव, बच्चा मन अउ महिला मन के सुरछा बर खर्च करव, फेर दारू भट्ठी खोले बर बंद करव। ए गाँव अउ हमर आगू के पीढ़ी बर बड़े खतरा आय।”

गाँव की महिलाएँ और पुरुष दोनों भट्ठी के खिलाफ एकजुट दिखे। सभी ने साफ कहा कि यदि शासन ने भट्ठी खोलने का निर्णय वापस नहीं लिया, तो आंदोलन और तेज़ किया जाएगा।

ग्राम पंचायत क्षेत्र में पहले से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हाई स्कूल, सहकारी समिति बैंक और डोंगरदेवी आस्था केंद्र स्थित हैं, जहां रोजाना ग्रामीण, महिलाएँ और श्रद्धालु आते-जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि अगर यहाँ शराब भट्ठी खुलती है तो महिलाओं की सुरक्षा, बच्चों की पढ़ाई, श्रद्धालुओं की आस्था और समाज की शांति—सब पर असर पड़ेगा।

ग्राम पंचायत की सरपंच कोशलेश साहू के नेतृत्व में प्रमुख ग्रामीण — मलर राम साहू, दीपक सिंह साहू, नंदलाल वर्मा, तुकेश्वर साहू, हीरालाल साहू, कमल नारायण साहू, देवनाथ कन्नौजे, घनश्याम नामदेव, भानूप्रताप कन्नौजे — और महिला प्रतिनिधि नुतेश्वरी साहू, मधु साहू, मिथलेश साहू, ललिता वर्मा, उर्मिला बाई साहू, जीत रानी साहू, चित्ररेखा साहू, सुखमत यादव, इंदिरा यादव, निष्ठा, तथा धनेश्वरी साहू और पुर्णिमा साहू बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।

ग्रामीणों ने बताया कि इस विषय पर 30-09-2025 को कलेक्टर बलौदा बाजार को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में स्पष्ट लिखा गया कि नई शराब भट्ठी खुलने से गाँव में विरोध, असंतोष और अशांति की स्थिति उत्पन्न होगी। स्कूल, अस्पताल, सहकारी समिति बैंक और धार्मिक स्थल डोंगरदेवी की नजदीकी को देखते हुए प्रशासन से दारू भट्ठी खोलने पर रोक लगाने की माँग की गई है।

गिधपुरी का यह आंदोलन अब केवल विरोध नहीं, बल्कि गाँव की अस्मिता और सामाजिक चेतना का प्रतीक बन चुका है। ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक शराब भट्ठी का निर्णय रद्द नहीं होगा, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

सह संपादक

Share this content:

2 thoughts on “गिधपुरी में शराब भट्ठी विरोध: जनता ने किया सड़कों पर जमकर प्रदर्शन – स्कूल, अस्पताल, बैंक और बच्चों की सुरक्षा खतरे में, सरकार को मिली कड़ी चेतावनी”

Leave a Comment