कोरबा। मां मड़वारानी देवी के दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं के साथ रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। ग्राम गुमिया से मां मड़वारानी पहाड़ की ओर जा रही एक पिकअप वाहन चढ़ाई के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 30 से 35 श्रद्धालुओं में से कई घायल हो गए, वहीं एक 10 वर्षीय बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन में श्रद्धालुओं को भेड़-बकरियों की तरह ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पहाड़ की तेज ढलान और अधिक वजन के कारण वाहन बीच रास्ते में चढ़ नहीं पाया और चालक का नियंत्रण टूट गया। देखते ही देखते पिकअप वाहन पीछे की ओर लुढ़कने लगा और सड़क किनारे पलट गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों और अन्य श्रद्धालुओं ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हर वर्ष मां मड़वारानी पर्व के दौरान ऐसी दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन अब तक प्रशासन और मंदिर समिति ने सुरक्षा के ठोस उपाय नहीं किए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर न तो ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था है, न ही चढ़ाई मार्ग पर किसी प्रकार की सुरक्षा रेलिंग या निगरानी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस हादसे की गंभीर जांच कराई जाए और पिकअप चालक, वाहन मालिक एवं मंदिर समिति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही आने वाले वर्षों में मां मड़वारानी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के परिवहन पर सख्त नियम लागू करने और वैकल्पिक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।